हांसी। भाटिया कॉलोनी स्थित सेफ सर्जिकल इंडिया कॉटन फैक्टरी में शनिवार देर रात शॉर्टसर्किट के कारण भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्टरी में लगी मशीनें और तैयार माल पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग लगने का कारण शॉर्टसर्किट माना जा रहा है।
भाटिया कॉलोनी स्थित सेफ सर्जिकल इंडिया कॉटन फैक्टरी में आग रात नौ बजे लगी। फैक्टरी में मेडिकल सर्जिकल कॉटन बनाई जाती है। आग लगने के दौरान फैक्टरी मालिक ओमप्रकाश तनेजा व सर्वेश सैनी फैक्टरी में ही थे। लेबर भी काम कर रही थी। इस दौरान कॉटन बनाने में उपयोग कटर से चिंगारी निकली जिसके बाद परिसर में आग लग गई।
पहले आग बुझाने में फायर एक्सटीग्यूशनर व पानी का इस्तेमाल किया गया लेकिन आग पर काबू नहीं पाया गया। सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचे। पहली गाड़ी से आग पर काबू नहीं पाया जा सका तो फिर दूसरी गाड़ी को मौके पर बुलाया गया। वहीं, सूचना पर पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा।
अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने तीन घंटे बाद पाया आग पर काबू
करीब तीन घंटे बाद रात 12 बजे आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने से मशीनें, वहां तैयार व कच्चा माल जलकर राख हो गया। टीन की छत का कुछ हिस्सा भी आग की गर्मी से पिघल गया व बिजली उपकरण भी जल गए। सर्वेश सैनी ने बताया कि लाखों रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है।