हिसार। हिसार-दिल्ली मार्ग पर आरटीए हिसार ने नई समय सारिणी जारी की है जिसके खिलाफ रोडवेज कर्मचारी भड़क गए हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि नई समय सारिणी निजी बस ऑपरेटरों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से लागू की गई है जिससे सरकारी बसों के संचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा और विभाग को राजस्व हानि हो सकती है।
हिसार डिपो की सांझा संघर्ष समिति ने रविवार को कार्यशाला परिसर में बैठक की जिसमें आरोप लगाया गया कि आरटीए हिसार ने बिना विभागीय महाप्रबंधकों की जानकारी के यह समय सारिणी लागू की है। समिति ने इसे पूरी तरह पक्षपातपूर्ण और असंगत करार दिया, और अधिकारियों से इसे तुरंत रद्द करने की मांग की। सांझा संघर्ष समिति ने कहा कि समय सारिणी में सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, रोहतक, झज्जर और गुरुग्राम डिपो के महाप्रबंधकों को शामिल नहीं किया गया जो कि नियमों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह निर्णय निजी बस ऑपरेटरों को अनुचित लाभ देने के लिए लिया गया है।कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि समय सारिणी जल्द नहीं बदली गई तो आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने आरटीए कार्यालय के कर्मचारियों की भूमिका की उच्च स्तरीय जांच की भी मांग की। बैठक में अरुण शर्मा, अजय दूहन, कर्मबीर मसूदपुर, जितेंद्र शर्मा, नरेंद्र खरड़, बजरंग लाखा, राजकुमार चौहान, अमित जुगलान, संदीप जैनावास माैजूद रहे।