50 हजार एमटी गेहूं की उठान
हिसार। जिले की मंडियों में रविवार को खरीद कार्य बंद रहा जबकि उठान तेज करने के लिए गाड़ियों के चक्कर बढ़ाए गए। कड़े निर्देशों के बाद ट्रांसपोर्टरों ने लेबर और वाहनों की संख्या बढ़ाते हुए रविवार को 50 हजार मीट्रिक टन गेहूं की उठान की। जो सामान्य दिनों की तुलना में करीब 15 हजार मीट्रिक टन अधिक है। मार्केट कमेटी अधिकारियों और खरीद एजेंसियों ने उठान में सुस्ती को गंभीरता से लेते हुए ट्रांसपोर्टरों को संसाधन बढ़ाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद हिसार मंडी में ट्रांसपोर्टरों ने गाड़ियों की संख्या पांच से बढ़ाकर सात कर दी वहीं अन्य मंडियों में भी मजदूरों की संख्या बढ़ाई गई और वाहनों के चक्कर दोगुने किए गए।
जिले में अब तक 6 लाख 71 हजार मीट्रिक टन गेहूं की आवक हो चुकी है जबकि 3 लाख 22 हजार मीट्रिक टन गेहूं की ही उठान हो पाई है। इस प्रकार करीब चार लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं अभी भी मंडियों में पड़ा है। हिसार मंडी सहित कुल मिलाकर साढ़े चार लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं की उठान अभी बाकी है। जिले की मंडियों में रविवार को खरीद बंद रही। एजेंसियों ने उठान कार्य में तेजी लाई है। ट्रांसपोर्ट कंपनियों ने अपने संसाधन, मजदूर और गाड़ियों के चक्कर बढ़ा दिए हैं। रविवार को जिले से 50 हजार मीट्रिक टन गेहूं की उठान हुई।