dपानीपत। शहर की रिहायशी कॉलोनियों में ग्रीन बेल्ट और सड़कों पर कब्जे कर गार्डन और पार्किंग बना ली गई हैं। जिला नगर योजनाकार विभाग द्वारा मुख्य कॉलोनियों में सर्वे किया तो इसका खुलासा हुआ। 100 से अधिक अवैध निर्माण चिन्हित किए जा चुके हैं। विभाग ने सभी को एक सप्ताह का समय दिया है। एक सप्ताह के बाद विभाग द्वारा कार्रवाई की जाएगी।
लाइसेंसी आवासीय कॉलोनियों में सड़कों और ग्रीन बेल्ट छोड़ी की गई थी जिससे लोगों को सुविधा मिल सके लेकिन, लोगों ने अपने घरों के सामने अवैध रूप से कब्जे कर जाली लगाकर ग्रीन बेल्ट को निजी गार्डन बना लिया है। यही नहीं कुछ लोगों ने पार्किंग तक बना ली। सरकार के आदेश के बाद जिला नगर योजनाकार विभाग ने कॉलोनियों में सर्वे किया तो अतिक्रमण के मामले सामने आए। अभी तक के सर्वे में एल्डिको, अंसल, टीडीआई और समालखा की कुछ कॉलोनियों में 100 से अधिक अतिक्रमण को चिह्नित किया जा चुका है।
विभाग की ओर से सोमवार को भी सर्वे किया जाएगा इसके बाद सभी को नोटिस जारी किए जाएंगे। इसकी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। नोटिस जारी होने के बाद सभी को खुद ही अपना अतिक्रमण हटाने के लिए एक सप्ताह का समय दिया जाएगा। अगले सप्ताह से सभी कॉलोनियों में विभाग द्वारा कार्रवाई की जाएगी।

कॉलोनियों के गेट पर नोटिस चस्पा होने से खलबली
विभाग की ओर से जिन कॉलोनियों में सर्वे किया गया है। उनके गेट पर नोटिस चस्पा कर दिए गए हैं, जिससे अतिक्रमण करने वालों में खलबली मची हुई है। स्टिल्ट प्लस चार मंजिला नीति पर रोक लगने के बाद ऐसे भवन भी अतिक्रमण की जद में होंगे जिन्होंने पार्किंग के स्थान पर ग्राउंड फ्लोर पर अन्य निर्माण कर लिए हैं।

कॉलोनियों में सर्वे कर अतिक्रमण को चिह्नित किया जा रहा है। नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एक सप्ताह बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
– अमित, जिला नगर योजनाकार प्रवर्तन।