अंबाला। नगर परिषद की कार्यप्रणाली में व्याप्त भ्रष्टाचार और लापरवाही का उस समय बड़ा खुलासा हुआ, जब छुट्टी के दिन अधिकारियों की टीम ने औचक निरीक्षण किया। सफाई व्यवस्था की पोल खोलते हुए जांच में पाया गया कि नगर परिषद से 25 ट्रैक्टरों का बिल वसूल किया जा रहा है, लेकिन मौके पर मात्र 13 ट्रैक्टर ही काम करते मिले। इतना ही नहीं, सफाई कर्मचारियों की हाजिरी में भी भारी फर्जीवाड़ा मिला है।
कार्यकारी अधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत उच्च स्तरीय इंक्वायरी बैठा दी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में तथ्य सही पाए गए, तो न केवल ठेकेदार पर भारी जुर्माना लगेगा, बल्कि मुख्य सफाई निरीक्षक पर भी गाज गिरना तय है। हैरानी की बात है जिस सुपरवाइजर की निगरानी में यह काम चल रहा था, जब उससे पूछताछ की गई तो वो मौके से भाग गया।
नंबर प्लेट का खेल, एक ट्रैक्टर पर दो नंबर : रविवार को जब विभागीय अधिकारियों ने रामबाग रोड स्थित दशहरा ग्राउंड में ट्रैक्टरों की गिनती शुरू की, तो उनके होश उड़ गए। जांच में सामने आया कि कई ट्रैक्टर बिना नंबर के सड़कों पर कचरा ढो रहे थे। कुछ ट्रैक्टरों पर दो अलग-अलग नंबर अंकित थे, जो बड़े कानूनी उल्लंघन और फर्जीवाड़े की ओर इशारा करते हैं। वहीं, मौके पर तैनात कर्मचारियों की संख्या भी स्वीकृत पदों से काफी कम पाई गई।