मां ने दुकान मालिक व स्टाफ पर लगाया प्रताड़ना का आरोप
हिसार। विद्या नगर निवासी युवक ने शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में घर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक की मां ने आरोप लगाया है कि उसके बेटे को दुकान मालिक व कर्मचारी लगातार प्रताड़ित कर रहे थे, जिसकी वजह से उसने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शिव नगर की गली नंबर 13 निवासी पूनम बताया कि वह परिवार के साथ विद्या नगर में किराये पर रह रही है। तीन अक्तूबर की शाम करीब 6 बजे बेटे मोहित का फोन आया। उसने कहा कि मम्मी, दुकान वाले मुझे बहुत परेशान कर रहे हैं। मैं घर आकर सब बताऊंगा और फिर फोन काट दिया। हालांकि, रात में घर लौटने पर उसने कुछ नहीं बताया। अगले दिन मोहित दुकान नहीं गया। वह भी काम पर चली गई। इस दौरान पूनम ने कई बार मोहित को फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठाया। इसके बाद पड़ोसी निर्मला से कहा कि वह घर जाकर मोहित को देखे। कुछ समय बाद निर्मला ने फोन कर बताया कि मोहित ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। वह घर पहुंची और पड़ोसी कर्मबीर व बेटी तन्नु की मदद से मोहित के शव को नीचे उतारा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी।
दुकान के कारिंदे ने बेटे से की थी मारपीटपूनम ने आरोप लगाया कि मोहित खुराना ट्रेडर्स पर काम करता था, उसी दुकान के एक कारिंदे ने 2 माह पहले उसके साथ मारपीट की थी। मोहित ने बताया था कि उसे मारने की धमकी भी दी है। पूनम का आरोप है कि दुकान मालिक सोनू, दुकान में काम करने वाले दो कारिंदे व एक अन्य मोहित को लगातार परेशान कर रहे थे, जिस कारण उसने यह कदम उठाया। जांच अधिकारी विकास ने बताया कि युवक की मां के बयान के आधार पर दुकान के मालिक सहित 3-4 नामजद के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है।