हांसी। सैनीपुरा गांव में एक लाइब्रेरी का निर्माण करवाया जाएगा। बाईपास रोड से सैनी पुरा गांव में प्रवीण के मकान तक ब्लॉक की ईंटें बिछाकर सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के निर्देश भी दिए। यह घोषणा कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने सैनीपुरा गांव में प्राचीन लक्ष्मी नारायण मंदिर में मूर्तियों की स्थापना पर आयोजित कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी के निर्माण से युवाओं को घर द्वार के आसपास ही पढ़ाई के लिए सुविधा मुहैया हो सकेगी। प्रदेश में बारिश से सड़कों को नुकसान हुआ है। प्रादेशिक सड़क उत्थान योजना के अंतर्गत टूटी सभी सड़कों को ठीक करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू हो चुका है। विधायक विनोद भयाना ने कहा कि विधानसभा चुनाव में लगभग 95 प्रतिशत लोगों ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया था। गांव में अधिक से अधिक सुविधाएं जुटाने के लिए किसी भी विकास कार्य की कमी नहीं छोड़ी जाएगी। मंत्री गंगवा व विधायक भयाना ने सैनी पुरा गांव के ग्रामीणों के साथ मन की बात कार्यक्रम में नरेंद्र मोदी के संबोधन को उत्सुकता से सुना। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक सैनी, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, भाजपा जिला महामंत्री धर्मवीर रतेरिया, सुखविंदर जाखड़, मार्केट कमेटी के नवनियुक्त उप प्रधान सुरजीत गुर्जर, बक्शी ठकराल व अन्य व्यक्ति मौजूद रहे।