हिसार। दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 26 सितंबर से 5 अक्तूबर तक आयोजित वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अर्बन एस्टेट-2, हिसार की रहने वाली एकता भ्याण ने एफ-51 कैटेगिरी में रजत पदक जीतकर जिले और देश का नाम रोशन किया।

एकता का मुकाबला शनिवार को हुआ था, जिसमें उन्होंने क्लब फेंक स्पर्धा में 19 मीटर 80 सेंटीमीटर की दूरी तय करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। वर्तमान में वह जागृति हाई स्कूल में कोच अमित सरोहा के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रही हैं।

एकता रोजगार विभाग में उपनिदेशक के पद पर कार्यरत हैं और वह राष्ट्रीय से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक कई उपलब्धियां हासिल कर चुकी हैं। एकता 2018 में एशियन पैरा गेम्स में स्वर्ण, 2023 में एशियन पैरा गेम्स में कांस्य, 2023 में वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य और 2024 में वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। अब एकता 2026 में होने वाले एशियन गेम्स की तैयारी शुरू करेगी।