हिसार। मानसून सीजन में जलभराव की समस्या न हो इसके लिए अभी से तैयारी शुरू कर दी गई है। शहर के बरसाती नालों की सफाई के लिए 30 मई की समय सीमा निर्धारित की है। इसके मद्देनजर नगर निगम, जनस्वास्थ्य विभाग और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस माह के केवल चार दिन शेष हैं। ऐसे में संबंधित विभागों को करीब 35 दिन में कार्य पूरा करना होगा।
शहर के अधिकतर इलाकों में हर मानसून सीजन में भारी जलभराव हो जाता है। लोग वर्षों से इस समस्या का सामना कर रहे हैं। खासतौर पर कच्ची ड्रेनों के कारण काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। शहर से सटे गांवों में तो पिछली बार बाढ़ जैसे हालात बन गए थे। बारिश में न केवल बरसाती नाले, सीवर सिस्टम भी जवाब दे देता है। नतीजतन कई इलाकों में गंदा पानी घरों में जमा होने लगता है।


इन विभागों के पास है सफाई का जिम्मा

जनस्वास्थ्य विभाग

– मिलगेट से जहाजपुल चौक तक

– पुरानी सब्जी मंडी चौक से जहाजपुल चौक तक

– जहाजपुल चौक से बरवाला बाईपास तक

– बरवाला बाईपास से भैंस फार्म तक

– यामाहा शोरूम से बरवाला चुंगी तक

– सिविल अस्पताल से ऋषि नगर तक

नगर निगम

दिल्ली रोड

आजाद नगर

कैमरी रोड

सेक्टर 9-11

सेक्टर 13

सेक्टर 14

सेक्टर 15

सेक्टर 16-17

अर्बन एस्टेट-2

मेला ग्राउंड।

एचएसवीपी

सेक्टर 1-4

सेक्टर 3-5

सेक्टर 14 पार्ट-2

सेक्टर 33

नालों के साथ कॉलोनियों में जीटी की भी होगी सफाई

जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ संजय दुहन ने बताया कि लघु सचिवालय से साउथ बाईपास होते हुए हिसार ड्रेन और ऑटो मार्केट से ऋषि नगर एसटीपी तक टेंडर लगाने की तैयारी है। इसके साथ ही सभी वार्डों में 400-400 जीटी की सफाई के टेंडर भी लगाए गए हैं। पुरानी सीवर लाइनों के सुदृढ़ीकरण का कार्य फिलहाल रुका हुआ है जिन्हें अगले 15 दिनों में शुरू किए जाने की संभावना है। मजदूर पश्चिम बंगाल में चुनाव होने के कारण घर गए हुए हैं। पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण निर्माण सामग्री की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही। फिलहाल मिलगेट क्षेत्र और सब्जी मंडी रोड की लाइन का कार्य शेष है।

सेक्टर 9-11 में चल रहा है सफाई कार्य

नगर निगम के एक्सईएन जयवीर डूडी ने बताया कि कुछ क्षेत्रों में नालों की सफाई का कार्य शुरू कर दिया है। सेक्टर 9-11 में सफाई जारी है। सेक्टर 13, 16-17 और औद्योगिक क्षेत्र से डाबड़ा चौक तक नाले की सफाई के टेंडर की वित्तीय बोली की जांच 30 अप्रैल को होगी। ऑटो मार्केट के नालों और सीवर की सफाई का कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा। इजसके लिए तकनीकी बोली की जांच अभी शेष है।

एयरपोर्ट चौक के नाले की हो रही सफाई

एचएसवीपी के एक्सईएन भूपेंद्र सिंह ने बताया कि दवा फैक्टरी से एयरपोर्ट चौक तक नाले की सफाई करवाई जा रही है। अधिकतर सेक्टरों में सफाई कार्य पूरा हो चुका है जहां शेष है वहां भी समय सीमा से पहले पूरा करवा दिया जाएगा।

बरसाती नालों की सफाई में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभागों की बैठक लेकर समय सीमा तय कर दी गई है। चल रहे कार्यों का समय-समय पर निरीक्षण भी किया जाएगा।- महेंद्रपाल, उपायुक्त