हिसार। शहर में दिन का तापमान 40 डिग्री के नजदीक पहुंच गया है। इस मौसम में हीट स्ट्रोक (लू) का खतरा भी बढ़ गया है। इसे देखते हुए जिला नागरिक अस्पताल में हीट स्ट्रोक के मरीजों के इलाज के लिए व्यवस्था की गई है। अधिकारियों के अनुसार हीट स्ट्रोक के मरीजों के लिए जिला नागरिक अस्पताल में 4 बेड आरक्षित किए गए हैं। अगर कोई हीट स्ट्रोक का मरीज आता है तो तुरंत उसका इलाज शुरू किया जाएगा।
एनसीडी की जिला नोडल अधिकारी डॉ. नीरू गुप्ता ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी व तरल पदार्थ लें, हल्के व ढीले कपड़े पहनें और दोपहर 12 से 4 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें। उन्होंने बच्चों और पालतू जानवरों को वाहन में अकेला न छोड़ने तथा अनावश्यक रूप से धूप में मेहनत वाले कार्य न करने की भी सलाह दी।
दिन का तापमान सामान्य से ऊपर पहुंचा
शहर में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.9 डिग्री ऊपर रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री रहा जो सामान्य के बराबर दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार अब एक सप्ताह तक मौसम साफ रहेगा। इस दौरान गर्मी के तीखे तेवर देखने को मिलेंगे। लू चलने के भी आसार है। भारतीय मौसम विभाग ने लू के संंबंध में येलो अलर्ट भी जारी किया है। जब दिन का तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री या उससे अधिक हो जाता है तो लू के हालात पैदा हो जाते हैं। इसके अलावा जब तापमान 45 डिग्री या उससे ऊपर पहुंच जाता है तो भी लू की स्थिति बन जाती है।