हिसार। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय चंडीगढ़ की ओर से शहर के परिजात चौक के पास स्थित मुख्य डाकघर में संचालित पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र पर आवेदकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 20 अप्रैल से 1 मई तक 11 दिवसीय पासपोर्ट मोबाइल वैन शिविर लगाया जाएगा। इस दौरान मुख्य डाकघर परिसर में पासपोर्ट मोबाइल वैन उपलब्ध रहेगी जिसका संचालन निजी कंपनी के सहयोग से किया जाएगा। डाक अधीक्षक अनिल रोज ने बताया कि पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र में प्रतिदिन करीब 110 आवेदकों का सत्यापन किया जा रहा है। पासपोर्ट मोबाइल वैन का 11 दिवसीय शिविर कल से 2026 और इसके बावजूद प्रतीक्षा सूची लंबी बनी हुई है। केंद्र में काउंटर बढ़ाने का प्रयास किया गया था, लेकिन मंजूरी नहीं मिलने पर मोबाइल वैन की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।
उन्होंने बताया कि इस शिविर के दौरान शहर में प्रतिदिन करीब 150 आवेदकों का सत्यापन किया जा सकेगा, जिससे लोगों को पासपोर्ट संबंधी कार्यों में सुविधा मिलेगी। मोबाइल वैन में प्रस्तावित शिविर की अवधि के लिए अपॉइंटमेंट पहले ही जारी किए जा चुके हैं और शेष स्लॉट बुकिंग के लिए उपलब्ध हैं। इस शिविर के लिए प्रतिदिन कुल 40 पासपोर्ट अपॉइंटमेंट स्लॉट उपलब्ध कराए गए हैं।
जो आवेदक तत्काल श्रेणी को छोड़कर सामान्य श्रेणी के तहत नया पासपोर्ट बनवाना या पासपोर्ट पुनः जारी करवाना चाहते हैं वे आधिकारिक वेबसाइट https://passportindia.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं।