Hisar News: 3 दिन में मंडी से 50 प्रतिशत गेहूं की उठान के आदेश 2026

हिसार। जिले की मंडियों में गेहूं की उठान में हो रही देरी के कारण किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गेहूं की उठान समय पर न होने से अब अनाज सड़कों तक फैलने लगा है। वीरवार को मार्केट कमेटी सचिव भरत शर्मा और जिला खाद्य आपूर्ति एवं नियंत्रक अधिकारी अमित शेखावत की टीम ने हिसार मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उठान प्रक्रिया में देरी करने वाली ट्रांसपोर्ट कंपनियों के ठेकेदारों को फटकार लगाई और उन्हें कार्य में तत्परता लाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि अगले तीन दिनों में मंडी से 50 प्रतिशत गेहूं की उठान कर लिया जाए। इसके बाद ट्रांसपोर्टरों ने अपनी गाड़ियां लगाकर उठान प्रक्रिया को तेज कर दिया है। वर्तमान में जिले की मंडियों में लगभग 73 लाख मीट्रिक टन गेहूं का उठान बाकी है। इस कारण हिसार, बरवाला, नारनौंद, उकलाना, अग्रोहा, हांसी और बास की मंडियों में गेहूं रखने की जगह तक नहीं बची है। ट्रांसपोर्ट कंपनियों की लापरवाही और तीन दिनों से बढ़ी हुई आवक के कारण उठान में देरी हो रही है जिससे स्थिति बेहद गंभीर हो गई है।

नई अनाज मंडी में उठान कार्य में देरी के कारण 7721.5 मीट्रिक टन गेहूं की उठान नहीं हुई है। ऐसे में मंडी में अनाज रखने की जगह नहीं बचने पर किसान सड़कों पर गेहूं डालने को मजबूर हैं। गेहूं का वजन करवाने के बाद किसान अपनी फसल मंडी में डालकर जा रहे हैं। वीरवार को हिसार मंडी में 2095 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई जबकि 150 किसानों के गेट पास काटे गए।

हिसार मंडी में अब तक 1761 किसानों के गेट पास काटे जा चुके हैं। वीरवार को 2706 मीट्रिक टन सरसों की आवक हुई। 84 किसानों ने सरसों बिक्री के लिए ई-पोटर्ल पर गेट पास कटवाए। अब तक 8037.4 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हो चुकी है और 3005 किसान सरसों बिक्री के लिए ई-गेट पास कटवा चुके हैं।

खरीद एजेंसियों के साथ की मीटिंग : मार्केट कमेटी सचिव, डीएफएससी, हैफेड व अन्य खरीद एजेंसियों के अधिकारियों की संयुक्त मीटिंग की गई जिसमें उठान प्रक्रिया को तेज किए जाने पर चर्चा की गई। साथ ही ट्रांसपोर्ट कंपनी के ठेकेदारों से बातचीत कर उठान कार्य में हो रही देरी पर बातचीत की गई।अपनी