कहा-किसानों से हो रही लूट, एमएसपी से कम पर बिक रही धान
हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने धान खरीद को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। हुड्डा ने कहा कि फतेहाबाद और जींद में किसानों पर एफआईआर और चालान की कार्रवाई की गई है, जो बेहद निंदनीय है। यह किसानों के जले पर नमक छिड़कने के समान है।
हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने धान खरीद को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा भाजपा ने एक बार फिर किसानों के साथ भारी लूट शुरू कर दी है। सरकारी खरीद न होने के कारण मंडियों में किसानों को अपनी धान 300 से 400 रुपये प्रति क्विंटल कम रेट पर बेचनी पड़ रही है। नमी का बहाना बनाकर सरकारी एजेंसियां खरीद से मना कर रही हैं, जिससे किसानों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने चुनाव से पहले धान के किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल का रेट देने का वादा किया था, लेकिन न पिछले सीजन में और न ही इस सीजन में यह वादा पूरा हुआ। अधिकतर मंडियों में खरीद शुरू ही नहीं हुई है। कई जगह पोर्टल पर सत्यापन न होने के कारण गेट पास नहीं बन पा रहे हैं। कहीं राइस मिलर्स के पंजीकरण न होने की वजह से दिक्कत आ रही है। इस सारी व्यवस्था का लाभ प्राइवेट एजेंसियां उठा रही हैं। 2,369 रुपये एमएसपी की धान को 1,900 से 2,000 रुपये प्रति क्विंटल के रेट पर खरीदा जा रहा है।
हुड्डा ने कहा कि फतेहाबाद और जींद में किसानों पर एफआईआर और चालान की कार्रवाई की गई है, जो बेहद निंदनीय है। यह किसानों के जले पर नमक छिड़कने के समान है।